पलवल में स्वतंत्रता दिवस समारोह में दर्जनभर छात्राएं बेहोश

WhatsApp Channel Join Now
पलवल में स्वतंत्रता दिवस समारोह में दर्जनभर छात्राएं बेहोश


अस्पताल में उपचार में देरी से बढ़ी परेशानी

पलवल, 15 अगस्त (हि.स.)। जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब राष्ट्रगान से कुछ समय पहले एक के बाद एक छात्राएं चक्कर खाकर बेहोश होकर गिरने लगीं। अचानक करीब दर्जनभर छात्राओं की तबीयत बिगड़ने से कार्यक्रम स्थल पर हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सरकारी एंबुलेंस बुलाकर छात्राओं को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ छात्राओं को निजी अस्पतालों में भी ले जाने की जानकारी सामने आई है।

बताया गया कि बीमार हुई छात्राएं झलकारी बाई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जवाहर नगर कैंप की हैं। छात्राओं ने जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लिया था। शिक्षकों के अनुसार, कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाली छात्राओं को सुबह करीब छह बजे कार्यक्रम स्थल पर बुलाया गया था। इसके बाद उन्होंने कई बार सांस्कृतिक कार्यक्रम की रिहर्सल की। कार्यक्रम शुरू होने के बाद भी छात्राएं काफी समय तक तेज धूप और गर्मी में बैठी रहीं तथा रिहर्सल करती रहीं।बताया जा रहा है कि कार्यक्रम स्थल पर छात्राओं के बैठने के स्थान पर पर्याप्त छाया की व्यवस्था नहीं थी। लंबे समय तक धूप और गर्मी में रहने के कारण कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने के दौरान कुछ छात्राओं को चलने में परेशानी हो रही थी और सांस लेने में भी दिक्कत बताई गई। एक छात्रा की हालत अधिक खराब होने पर उसे मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किए जाने की जानकारी है।अस्पताल में उपचार में देरी का आरोपछात्राओं के अस्पताल पहुंचने के बाद भी अव्यवस्थाओं के आरोप लगे। अस्पताल में मौजूद लोगों के अनुसार, छात्राओं के उपचार के लिए पर्याप्त चिकित्सकीय व्यवस्था नहीं थी। बताया गया कि एक समय में केवल एक डॉक्टर उपलब्ध होने के कारण उपचार में देरी हुई। अस्पताल में मौजूद एक मरीज के स्वजन ने कहा कि समारोह में तिरंगा फहराना गौरव की बात है, लेकिन आम लोगों के लिए अस्पतालों में मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होना भी उतना ही जरूरी है। अभिभावकों को छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की सूचना समय पर नहीं मिलने के आरोप भी सामने आए। मामले में शिक्षा विभाग के एक उपमंडल स्तर के अधिकारी से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story