पलवल : टैंकर से एलपीजी गैस चोरी, चालक के खिलाफ केस दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 07 जुलाई (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के बहरौला गांव स्थित एक ढाबे पर खड़े एलपीजी गैस से भरे टैंकर से करीब 3400 किलो गैस चोरी होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि टैंकर चालक गैस की हेराफेरी कर फरार हो गया। पुलिस ने टैंकर मालिक की शिकायत पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

सदर थाना प्रभारी हरी किशन ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली के रोहिणी निवासी अजय गोयल ने शिकायत दी है कि उनका टैंकर गुजरात के पोरबंदर से एलपीजी गैस लेकर रुड़की (उत्तराखंड) जा रहा था। टैंकर को उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के कोह पिंगरी, फराह निवासी विष्णु चला रहा था।

शिकायत के अनुसार, चालक दो जून से टैंकर को बहरौला स्थित पंडित जी के ढाबे पर खड़ा कर गया था। इसके बाद उसने फोन उठाना बंद कर दिया। संदेह होने पर टैंकर की जांच कराई गई तो उसमें गैस की भारी कमी मिली। जांच अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ढाबा संचालक से पूछताछ की और टैंकर का वजन कराया। वजन 20,650 किलोग्राम पाया गया। जांच में सामने आया कि चालक ने कथित रूप से मालिक को आर्थिक नुकसान पहुंचाने की नीयत से टैंकर में भरी एलपीजी में से करीब 3400 किलोग्राम गैस निकाल ली। पुलिस ने आरोपी चालक से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story