पलवल : घर में घुसकर 20 से 25 राउंड फायरिंग, पिता-पुत्र समेत तीन घायल

WhatsApp Channel Join Now
पलवल : घर में घुसकर 20 से 25 राउंड फायरिंग, पिता-पुत्र समेत तीन घायल


पलवल, 23 नवंबर (हि.स.)। चांदहट गांव में घर में घुसकर मारपीट और ताबड़तोड़ फायरिंग करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि थार गाड़ी में सवार होकर आए हमलावरों ने घर में घुसकर पहले मारपीट की और फिर राइफल, पिस्टल तथा देसी कट्टे से करीब 20 से 25 राउंड गोलियां चलाईं। फायरिंग में सुखबीर और उनके बेटे हरेंद्र के पैरों में गोली लग गई, जबकि सात वर्षीय हिमांशु ईंट-पत्थर लगने से घायल हो गया। तीनों घायलों को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चांदहट थाना पुलिस के अनुसार गांव निवासी धर्मपाल उर्फ पाली ने शिकायत में बताया कि 22 नवंबर की देर शाम वह अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान शेखर, बिरम, सौरभ, जस्से और भोला थार गाड़ी में सवार होकर वहां पहुंचे। आरोप है कि सभी घर में घुस आए और धर्मपाल के साथ डंडों से मारपीट शुरू कर दी।

शिकायत के मुताबिक, हमलावरों ने थार गाड़ी से राइफल, पिस्टल और देसी कट्टा निकाला और घर की तरफ फायरिंग शुरू कर दी। आरोपियों ने करीब 20 से 25 राउंड गोलियां चलाईं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

फायरिंग और झगड़े की आवाज सुनकर सुखबीर और उनका बेटा हरेंद्र घर से बाहर निकले। इसी दौरान दोनों के पैरों में गोली लग गई। वहीं, पास में मौजूद सात वर्षीय हिमांशु ईंट-पत्थर लगने से घायल हो गया। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782079 Articles

Share this story