पलवल :फर्जी दस्तावेजों से 1.30 करोड़ का ट्रांसफर, बैंक अधिकारियों पर केस दर्ज
पलवल, 29 जुलाई (हि.स.)। शहर के एक रियल एस्टेट कारोबारी की दो फर्मों के खातों से बैंक ऑफ इंडिया (बीओआई) के अधिकारियों पर नियमों की अनदेखी कर करीब 1.30 करोड़ रुपये अवैध रूप से ट्रांसफर करने का आरोप लगा है। शिकायत के आधार पर कैंप थाना पुलिस ने बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक सहित अन्य अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि न्यू कॉलोनी निवासी एवं रुड़को कंपनी के भागीदार मनोज पटेल ने शिकायत में बताया कि उनकी दो फर्मों के खाते बैंक ऑफ इंडिया में संचालित हैं, जो हरियाणा रेरा के नियमों के तहत संचालित होते हैं। रेरा के अनुसार 70 प्रतिशत राशि वाले प्रतिबंधित खाते से धनराशि निकालने के लिए सीए, इंजीनियर और आर्किटेक्ट का प्रमाणपत्र आवश्यक होता है। साथ ही दो अधिकृत हस्ताक्षर और पॉजिटिव पे सिस्टम की पुष्टि भी अनिवार्य है।
शिकायत के अनुसार, 27 जुलाई को इन सभी नियमों की अनदेखी करते हुए बैंक अधिकारियों ने व्हाट्सएप पर प्राप्त कथित फर्जी सेल्फ सर्टिफिकेट के आधार पर तीन अलग-अलग खातों में कुल 1 करोड़ 29 लाख 99 हजार 403 रुपये ट्रांसफर कर दिए। आरोप है कि पहली बार 27 लाख 58 हजार 801 रुपये कोटक महिंद्रा बैंक के खाते में, दूसरी बार 55 लाख 86 हजार 801 रुपये भारतीय स्टेट बैंक के खाते में तथा तीसरी बार 46 लाख 54 हजार 801 रुपये एक्सिस बैंक के खाते में भेजे गए।
मनोज पटेल ने बताया कि मोबाइल पर ट्रांजैक्शन का संदेश मिलने के बाद उन्हें मामले की जानकारी हुई। वह तत्काल बैंक पहुंचे, जहां कथित रूप से शाखा प्रबंधक ने व्हाट्सएप पर प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर भुगतान किए जाने की बात स्वीकार की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उन दस्तावेजों पर फर्जी हस्ताक्षर किए गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

