पलवल : 11 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, आरोपी फरार

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 26 अगस्त (हि.स.)। पलवल जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र में मस्जिद के एक कमरे में 11 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। बच्ची के पिता मस्जिद में इमाम हैं। आरोप है कि मस्जिद में ठहरे उनके एक रिश्तेदार ने बच्ची को कमरे में बुलाकर वारदात को अंजाम दिया। बच्ची के पिता की शिकायत पर हसनपुर थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, बच्ची छठी कक्षा में पढ़ती है। बुधवार सुबह वह स्कूल जाने से पहले अपनी मां का मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए चार्जर लेने मस्जिद में स्थित अपने पिता के कमरे की ओर गई थी। इसी दौरान वहां ठहरे आरोपित साजिद ने कथित तौर पर बच्ची को पकड़ लिया और कमरे को अंदर से बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया।

बताया गया है कि बच्ची के शोर मचाने पर उसके परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों को आता देख आरोपित वहां से फरार हो गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद हसनपुर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया। मामले की जांच एसआई रंजना को सौंपी गई है। जांच अधिकारी ने नाबालिग बच्ची को मेडिकल जांच के लिए जिला नागरिक अस्पताल पलवल पहुंचाया। पुलिस द्वारा मामले से जुड़े तथ्यों और घटनास्थल की जांच की जा रही है।

हसनपुर थाना पुलिस के अनुसार, आरोपित की तलाश के लिए टीम लगाई गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपित को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।मामले में पुलिस द्वारा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story