कैथल: पीआर धान की खरीद न होने पर किसानों ने लगाया जाम
कैथल, 05 अक्टूबर (हि.स.)। गांव पाई स्थित अनाज मंडी में पीआर धान की खरीद न होने से नाराज किसानों ने सोमवार को पूंडरी-राजौंद मार्ग पर जाम लगा दिया। किसानों का कहना था कि उनकी फसल में नमी निर्धारित 17 प्रतिशत से कम है, इसके बावजूद कई दिनों से मंडी में धान की ढेरियां पड़ी हैं और खरीद नहीं की जा रही। जाम की सूचना मिलने पर डीएसपी सुशील कुमार, एसडीएम संजय सिंह और पूंडरी थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों की समस्या सुनी और जल्द खरीद करवाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
किसानों ने बताया कि वे कई दिनों से धान लेकर मंडी में बैठे हैं। उनके अनुसार फसल में नमी 17 प्रतिशत से कम होने के बावजूद खरीद एजेंसियों की ओर से धान नहीं खरीदा जा रहा। किसानों का आरोप है कि सरकार ने पीआर धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है, लेकिन निर्धारित मापदंड पूरा करने के बावजूद उन्हें कम भाव मिल रहा है। किसानों के मुताबिक मंडी में 2200 से 2250 रुपये प्रति क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है, जिससे उन्हें करीब 200 से 250 रुपये प्रति क्विंटल का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
जाम के दौरान एसडीएम संजय सिंह ने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्या जानी। इसके बाद वे मंडी में किसानों की धान की ढेरियां देखने पहुंचे। इस दौरान मार्केट कमेटी पाई के अध्यक्ष कृष्ण कुमार शर्मा और सचिव जोगेंद्र सिंह पेसिया भी मौके पर पहुंचे। किसानों की शिकायतों को लेकर एसडीएम ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और मौके पर ही धान की खरीद शुरू करवाने की प्रक्रिया शुरू करवाई।
खरीद शुरू होने के बाद किसानों ने जाम खोल दिया। किसानों ने कहा कि उनकी फसल निर्धारित मापदंडों के अनुसार होने के बावजूद यदि खरीद में देरी की जाती है तो उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मंडी में लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मंडी में खरीद व्यवस्था सुचारु रखी जाए, ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए परेशान न होना पड़े।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

