दूसरे राज्यों से आने वाले बाजरा एवं धान पर रखें कड़ी निगरानी : मुख्यमंत्री

WhatsApp Channel Join Now

-सरकार किसानों का एक एक दाना खरीदेगी

-खरीद के बाद उठान कार्य समय पर किया जा रहा पूरा

चंडीगढ़, 09 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जिला के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे राज्य में चल रही फसल खरीद प्रक्रिया पर फोकस रखें और दूसरे राज्यों की सीमा से आने वाले बाजरा एवं धान पर कड़ी निगरानी रखें।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को चंडीगढ़ में समाधान प्रकोष्ठ समीक्षा बैठक के बाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला के अधिकारियों को निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि निर्धारित नॉर्म अनुसार, 17 प्रतिशत नमी वाले धान की खरीद अवश्य सुनिश्चित की जाए।

राज्य सरकार किसानों का एक-एक दाना एमएसपी पर खरीदने का कार्य करेगी और किसानों को फसल की राशि का भी समय पर भुगतान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक जिले में मंडियों की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी लगाए गए हैं। वे फिजिकल वेरिफिकेशन जांच कर रहें हैं। सभी नोडल अधिकारी किसानों की सुविधा के लिए तत्पर हैं तथा फसल खरीद प्रक्रिया के लिए जारी दिशा—निर्देशों की पालना भी सुनिश्चित की जाए।

खरीद प्रक्रिया को सुचारू ढंग से चलाने के लिए मंडियों में जियो टैगिंग की गई है तथा सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि फसल खरीद के दौरान उठान कार्य भी समय पर पूरा किया जाए। विशेषकर कैथल मंडियों में उठान कार्य में तेजी लाई जाए ताकि किसानों को मंडियों में धान लाने में कोई दिक्कत न हो। मुख्यमंत्री को अधिकारियों ने बताया कि चीका मंडी में धान डालने के लिए चार स्थान निर्धारित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि धान डालने के लिए एक ही स्थान निर्धारित करने हेतु उचित समाधान किया जाए।

मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव डॉ. यशपाल ने बताया कि धान के अलावा प्रदेश में लगभग पौने दो लाख बाजरे की आवक हो रही है। राज्य की मंडियों में रबी फसल की खरीद एमएसपी पर की जा रही है तथा समय पर किसानों को भुगतान किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story