जींद : सरकार आमजन को सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध : महिपाल ढांडा

WhatsApp Channel Join Now
जींद : सरकार आमजन को सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध : महिपाल ढांडा


जींद, 29 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को न्याय व सुरक्षा प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक में कुल 13 एजेंडे रखे गए। जिनमें से पांच मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। जबकि शेष मामलों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी जनता की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाएं। उन्होंने कहा कि जिला कष्ट निवारण समिति आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का एक प्रभावी मंच है।

इस व्यवस्था से लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और उनकी समस्याओं का शीघ्र निपटारा संभव हो पाता है। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने दोहराया कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक नागरिक को न्याय मिले और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो। इसके लिए प्रशासनिक तंत्र को और अधिक जवाबदेह बनाया जा रहा है।

बरसाती पानी की निकासी के लिए जल्द नाला बनाया जाए

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने नरवाना स्थित पुराने कोर्ट रोड पर बरसाती पानी की निकासी के लिए जल्द नाला बनाए जाने के मामले पर संज्ञान लेते हुए लोक निमार्ण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसाती सीजन से पहले इस नाले को पूरा करवाया जाए। यहां विधित है कि विभाग द्वारा नाला निर्माण के प्रपोजल को मुख्यालय भेजा जा चुका है, अप्रूवल आते ही जल्दी निर्माण करवा दिया जाएगा। इसी प्रकार गंाव दबैलन से आए दो पक्षों के झगड़े की शिकायत पर कैबिनेट मंत्री ने दोबारा जांच के आदेश दिए। इसमें समिति के गैर सरकारी सदस्यों को मनोनित कर मामले की सच्चाई जानने के लिए कहा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story