जींद : सीएम घोषणाओं पर जल्द किया जाए काम शुरू : डा. मिड्ढा

WhatsApp Channel Join Now
जींद : सीएम घोषणाओं पर जल्द किया जाए काम शुरू : डा. मिड्ढा


जींद, 17 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि विकास रैली के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए ताकि आमजन को जल्द से जल्द सुविधाओं का लाभ मिल सके। हमारा लक्ष्य जींद को प्रदेश के अग्रणी जिलों की पंक्ति में खड़ा करना है।

इसके लिए शहर और ग्रामीण क्षेत्र दोनों में संतुलित विकास कार्य करवाए जाएंगे।

डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा शुक्रवार को सीएम घोषणाओं के क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक ले रहे थे। डा. मिड्ढा ने अधिकारियों को कहा कि जींद शहर के पालिका बाजार को स्मार्ट बाजार के रूप में विकसित किया जाएगा।

इसके लिए संबंधित अधिकारी अन्य विभागों के साथ तालमेल कर इस महत्वपूर्ण कार्ययोजना को जल्द पूरा करवाएं। उन्होंने शहर की सड़कों को दुरूस्त करने, बाईपास और शहर में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को निरंतर बनाए रखने तथा मेडिकल कॉलेज में पेयजल, सड़क, सीवरेज और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन भी ठेकेदारों द्वारा करवाए जा रहे निर्माण कार्य बंद पड़े हैं, ऐसे संबंधित सभी ठेकेदारों को नोटिस जारी किए जाएं।

डिप्टी स्पीकर ने वेगी योजना के तहत विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों में तेजी लाने, शहर के पार्कों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा देवीलाल चौक के पास रेलवे भूमि के सौंदर्यकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्यों का जल्द ही निरीक्षण किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर बल देते हुए उन्होंने श्रीरागखेड़ा गांव को मॉडल विलेज के रूप में विकसित करने, हैबतपुर गांव को जगमग योजना से जोडऩे और रूपगढ़ गंाव में जलघर निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा जींद-भिवानी रोड पर बने अंडरब्रिज को आवश्यक कार्य पूरे कर जल्द शुरू करने को कहा।

डिप्टी स्पीकर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सब्जी मंडी के फर्श उठान कार्य को शीघ्र पूरा किया जाए। इसके अलावा शहर में प्रस्तावित बूस्टिंग स्टेशनों के लिए सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी कर वहां कार्य शुरू करने के लिए भी अधिकारियों को कहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story