सिरसा: सीडीएलयू में नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी महिला खो-खो प्रतियोगिता का शुभारंभ
सिरसा, 02 अप्रैल (हि.स.)। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू) सिरसा में नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी महिला खो-खो प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व कुलपति पत्रकारिता यूनिवर्सिटी भोपाल प्रो. बृज किशोर कुठियाला ने किया।
प्रो. बृज किशोर कुठियाला ने गुरुवार को कहा कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए हमें प्राचीन एवं आधुनिक इतिहास के आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने हनुमान जयंती की खिलाडिय़ों को बधाई दी और कहा कि हनुमान जी सफलता के आदर्श उदाहरण है। उन्होंने खिलाडिय़ों को समर्पण एवं परिश्रम के साथ आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेना ही एक बड़ी उपलब्धि है और सम्मान मिलना उसका छोटा परिणाम है।
सीडीएलयू के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि यह विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है कि अनेक राज्यों की बेटियां इस प्रतियोगिता में बढ़-चढक़र भाग ले रही हैं। उन्होंने खिलाडिय़ों को खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि दिशा और अनुशासन के सिद्धांतों को अपनाकर अपने लक्ष्य को सफल बनाना चाहिए। प्रतियोगिता में नॉर्थ जोन से 32 टीमें भाग ले रही हैं, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। कुलपति ने खिलाडिय़ों को जीवन में सफलता के लिए ‘फाइव सी’ चरित्र, कुशलता, रचनात्मकता, करुणा और प्रतिबद्धता को अपनाने का संदेश दिया।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मीनू जून ने कहा कि खो-खो खेल आज के समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है। उन्होंने खिलाडिय़ों को खेल को खेल की भावना के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि इस खेल में भी रोजगार की अपार सम्भावनाएं हैं। इस अवसर पर डीन अकादमिक अफेयर्स प्रो. सुशील कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजकुमार, डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. सुरिंदर सिंह, स्पोर्ट्स काउंसिल की अध्यक्ष प्रो. मोनिका वर्मा, उपाध्यक्ष प्रो. अशोक मलिक सहित विश्वविद्यालय के सभी डीन, निदेशक, विभागाध्यक्ष एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

