गोल्ड गर्ल नीरू ढांडा बुधवार को पहुंचेंगी जींद, होगा भव्य स्वागत

WhatsApp Channel Join Now
गोल्ड गर्ल नीरू ढांडा बुधवार को पहुंचेंगी जींद, होगा भव्य स्वागत


जींद, 13 अक्टूबर (हि.स.)। एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन कर जींद का देश और प्रदेश में नाम रोशन करने वाली गोल्डन गर्ल नीरू ढांडा के स्वागत के लिए जींद में भव्य आयोजन किया जाएगा। बुधवार को नीरू ढांडा जींद पहुंचेगी और ढोल, नगाड़ों की गूंज और उत्साह के बीच नीरू का अभिनंदन किया जाएगा। उन्हें जींद के ऐतिहासिक जयंती देवी मंदिर से उनके पैतृक गांव संगतपुरा तक ले जाया जाएगा। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह उनका भव्य स्वागत होगा। नीरू ढांढा के स्वागत समारोह में हरियाणा सरकार के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा और हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा सहित अनेक गणमान्य लोग, भाजपा नेता शामिल होंगे। नीरू ढांडा के स्वागत कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए ग्रामीणों और आयोजनकर्ताओं द्वारा व्यापक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

गोल्डन गर्ल नीरू ढांडा के सम्मान में संगतपुरा गांव के स्टेडियम में विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा। यहां पांच से 10 हजार लोगों के बैठने और खाने की व्यवस्था की जा रही है। बड़ी संख्या में ग्रामीणों, खेल प्रेमियों और क्षेत्र के लोगों के समारोह में पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन को लेकर गांव में उत्साह का माहौल है और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। गांव संगतपुरा के सरपंच प्रतिनिधि सुनील ढांडा ने बताया कि बुधवार को नीरू ढांडा का जींद पहुंचने पर भव्य स्वागत किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760180 Articles

Share this story