हिसार : मतदाता सूचियों में गड़बड़ियों और वोट चोरी पर जनता को जागरूक करेगी कांग्रेस : शकुंतला खटक

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : मतदाता सूचियों में गड़बड़ियों और वोट चोरी पर जनता को जागरूक करेगी कांग्रेस : शकुंतला खटक


लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए गांव-गांव पहुंचेगी कांग्रेस, 15 से

25 नवंबर तक लगेंगी चौपालें

वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत होंगी संगठनात्मक बैठकें

हिसार, 04 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की

रक्षा के लिए जिले में गांव-गांव जनजागरण अभियान चलाएगी। इसके तहत 15 से 25 नवंबर तक

विभिन्न गांवों में चौपालें लगाकर ग्रामीणों को मतदान के अधिकार और उसकी अहमियत के

प्रति जागरूक किया जाएगा।

यह बात कलानौर की विधायक एवं हिसार जिले की अभियान प्रभारी शकुंतला खटक ने

बुधवार को कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता

जिला कांग्रेस अध्यक्ष बृज लाल बहबलपुरिया ने की। शकुंतला खटक ने कहा कि वोट बचाओ-देश

बचाओ अभियान महज राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र, संविधान और प्रत्येक

नागरिक के मताधिकार की रक्षा का जनआंदोलन है। लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया

पर निर्भर करती है। कांग्रेस मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के मुद्दे

को लेकर जनता के बीच जाएगी और लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करेगी।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में

पार्टी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। अभियान के तहत बूथ स्तर

तक संगठन को सक्रिय करते हुए आम नागरिकों को भी इससे जोड़ा जाएगा। प्रदेश कांग्रेस

कमेटी के निर्देशानुसार 5 और 6 नवंबर को जिला एवं ब्लॉक स्तर पर संगठनात्मक बैठकें

होंगी। 7 से 14 नवंबर तक मतदाता सत्यापन अभियान चलाकर मतदाता सूचियों से हटाए गए अथवा

कथित रूप से हेरफेर किए गए नामों की पहचान और सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद 15 से

25 नवंबर तक गांवों में चौपालें लगाई जाएंगी।

विधायक ने कहा कि चौपालों में ग्रामीणों, बुजुर्गों, युवाओं और पंचायत प्रतिनिधियों

की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। लोगों को संविधान के अनुच्छेद 326 और वयस्क मताधिकार

के महत्व की जानकारी दी जाएगी। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला और ब्लॉक स्तर

पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। उन्होंने ब्लॉक अध्यक्षों, अग्रणी

संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर अभियान में भाग लेने तथा प्रत्येक

कार्यक्रम की रिपोर्ट, फोटो और वीडियो प्रदेश कांग्रेस कमेटी तक पहुंचाने का आह्वान

किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story