भाजपा सरकार ने दो साल में निभाए वायदे, आमजन को मिला लाभ

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा सरकार ने दो साल में निभाए वायदे, आमजन को मिला लाभ


नूंह, 17 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर नूंह स्थित जिला भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर कार्यकर्ताओं को बधाई दी और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियां सौंपीं।

प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता संगठन की जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के साथ देश और प्रदेश के विकास में भी अपना योगदान दे रहे हैं। कार्यकर्ताओं की यह सक्रियता सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में संगठन की महत्वपूर्ण भूमिका है। आगामी कार्यक्रमों के दौरान सभी कार्यकर्ता पूरी सक्रियता से भागीदारी सुनिश्चित करें।

अर्चना गुप्ता ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शनों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष राजनीतिक विरोध के माध्यम से युवाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश का युवा जागरूक है और वह देश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ते हुए देखना चाहता है।

भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में नूंह जिले में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में जिले की तस्वीर बदलने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं और विकास को नई रफ्तार मिली है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ भाग लेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762680 Articles

Share this story