सिरसा: विशेष लोक अदालत 109 केसों का निपटारा
सिरसा, 30 मई (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा शनिवार को चेक बाउंस मामलों के निपटारे के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संतोष बागोतिया ने बताया कि इस अवसर पर जिला न्यायालय सिरसा में एडिशनल सेशन जज नवजीत क्लेयर, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी रिचू, उपमंडल न्यायालय डबवाली में सब डिवीजनल ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट हरलीन पाल सिंह तथा उपमंडल न्यायालय ऐलनाबाद में सब डिवीजनल ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट आशीष आर्या की अदालतों में विशेष लोक अदालतें आयोजित की गईं। विशेष लोक अदालत में 198 मामलों को रखा गया था, जिनमें से 109 मामलों का आपसी सहमति से निपटारा किया गया। इन मामलों में लगभग एक करोड़ 59 लाख 59 हजार 799 रुपये की राशि का समायोजन किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संतोष बागोतिया ने शनिवार को ओल्ड एज होम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वहां रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने वृद्धाश्रम में उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया और साफ-सफाई, भोजन, स्वास्थ्य देखभाल तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सीनियर सिटीजन से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

