सिरसा: किसान, जवान और श्रमिक प्रदेश की रीढ़ की हड्डी:रोहताश जागड़ा
सिरसा, 01 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड के चेयरमैन रोहताश जांगड़ा ने कहा कि हरियाणा वीरों की भूमि है और यहां की पहचान दूध-दही के खानपान, जिंदादिली और मेहनतकश लोगों से है। एक नवम्बर को हरियाणा प्रदेश की स्थापना हुई थी। आज प्रदेश में अनेक उद्योग स्थापित हैं और हरियाणा निरंतर तरक्की कर रहा है। इस प्रगति के पीछे किसानों की खेतों में की गई कड़ी मेहनत, जवानों के शौर्य और श्रमिकों के परिश्रम का महत्वपूर्ण योगदान है। किसान, जवान और श्रमिक प्रदेश की रीढ़ की हड्डी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा और तरक्की भी जरूरी है। हमारा संकल्प आपकी सुरक्षा और तरक्की है। चेयरमैन रोहताश जांगड़ा रविवार को सिरसा में हीरक जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे।
समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने हरियाणवी संस्कृति, लोक परंपराओं और प्रदेश की समृद्ध विरासत को दर्शाती शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर खूब वाहवाही बटोरी। विद्यार्थियों ने रागिनी, एकल नृत्य और समूह नृत्य के माध्यम से हरियाणा की लोक संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा, रीति-रिवाजों और लोकगीतों की मनमोहक झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों और विजेताओं को स्कूल शिक्षण सामग्री किट, प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया। कुरुक्षेत्र में आयोजित मुख्य समारोह में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शिरकत की।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में रागिनी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय साहुवाला द्वितीय की आरजु प्रथम, राजकीय मॉडल संस्कृतिक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिरसा के हर्षित द्वितीय तथा राजकीय मॉडल संस्कृतिक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नाथूसरी चौपटा की शोभा तृतीय स्थान पर रही। सोलो डांस में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय साहुवाला द्वितीय की टीम प्रथम, स्वामी विवेकानंद स्कूल सिरसा की टीम द्वितीय तथा राजकीय मॉडल संस्कृतिक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नाथूसरी चौपटा की टीम तृतीय स्थान पर रही। ग्रुप डांस में स्वामी विवेकानंद वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की टीम प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय साहुवाला द्वितीय की टीम द्वितीय तथा राजकीय मॉडल संस्कृतिक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नाथूसरी चौपटा की टीम तृतीय स्थान पर रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

