हांसी : महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी रोकने की साजिश में कांग्रेस सहित विपक्षी दल शामिल : डॉ. दिव्या सेठी
हांसी, 23 अप्रैल
(हि.स.)। हरियाणा भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश सचिव एवं हांसी महिला मोर्चा की जिला
प्रभारी डॉ. दिव्या सेठी ने लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित न होने पर कांग्रेस
सहित विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे महिलाओं के अधिकारों के साथ
अन्याय बताते हुए कहा कि यह देश की आधी आबादी के सपनों को ठेस पहुंचाने वाला कदम है।
डॉ. दिव्या सेठी
ने गुरुवार को पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते
हुए कहा कि 17 अप्रैल का दिन देश के इतिहास में एक स्वर्णिम अवसर के रूप में दर्ज हो
सकता था। यदि यह अधिनियम पारित हो जाता तो महिलाओं को राजनीति में अधिक प्रतिनिधित्व
मिलता और उनके सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया जाता। किंतु विपक्षी दलों
की संकीर्ण मानसिकता, राजनीतिक स्वार्थ और नकारात्मक सोच के कारण यह महत्वपूर्ण अवसर
व्यर्थ चला गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने लंबे शासनकाल के दौरान भी आम परिवारों
से आने वाली महिलाओं, विशेषकर ग्रामीण एवं मध्यम वर्ग की महिलाओं को राजनीति में आगे
आने के पर्याप्त अवसर नहीं दिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की कार्यप्रणाली हमेशा
सीमित दायरे में रही है, जिसमें कुछ चुनिंदा परिवारों को ही प्राथमिकता दी गई, जबकि
सामान्य वर्ग की प्रतिभाशाली महिलाओं को पीछे रखा गया। इस अवसर पर जिला
उपाध्यक्ष नीरज देवी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नीलम जांगड़ा, प्रीति, निशा श्योराण,
मंजीत जांगड़ा सहित अन्य महिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

