एसआईआर पर विपक्ष कर रहा भ्रामक प्रचार:नायब सिंह सैनी

WhatsApp Channel Join Now
एसआईआर पर विपक्ष कर रहा भ्रामक प्रचार:नायब सिंह सैनी


मुख्यमंत्री ने ‘लोकतंत्र बचाओ- अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को किया संबोधित

चंडीगढ़, 05 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने करनाल में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने झंडी दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया।

पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, हरियाणा प्रदेश की प्रभारी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ.अर्चना गुप्ता, कैबिनेट मंत्री मंत्री कृष्ण लाल पंवार, राव नरबीर सिंह, महिपाल ढांडा नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का स्वागत करते हुए कहा कि एसआईआर को लेकर विपक्ष द्वारा भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का मत सबसे महत्वपूर्ण अधिकार है, जो देश और प्रदेश के भविष्य के निर्माण में उसकी भागीदारी सुनिश्चित करता है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो और वह बिना किसी बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। मतदाता सूची में मृत व्यक्तियों के नाम, दोहरी प्रविष्टियों और त्रुटिपूर्ण रिकॉर्ड की नियमानुसार जांच कर उचित प्रक्रिया के तहत सुधार किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार हम दीपावली से पहले अपने घरों की सफाई करते हैं, उसी प्रकार लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की पहचान मेहनत, ईमानदारी, भाईचारे और राष्ट्रभक्ति से है तथा इन सामाजिक और संवैधानिक मूल्यों को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने पदयात्रा में शामिल माताओं-बहनों, युवाओं, किसानों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का अधिकार सुरक्षित रखना, मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जनभागीदारी बढ़ाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। मुख्यमंत्री ने संबोधन का समापन ‘जय जवान, जय किसान, जय हरियाणा, जय हिंद और भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772993 Articles

Share this story