हिसार में 8.24 लाख मतदाताओं पर चुनावी तैयारी तेज

WhatsApp Channel Join Now
हिसार में 8.24 लाख मतदाताओं पर चुनावी तैयारी तेज


30 अगस्त तक नए वोटर जुड़ेंगे, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का अभी अवसर

18 वर्ष पूरे कर चुके युवा फॉर्म-6 के जरिए करा सकेंगे पंजीकरण

हिसार, 31 जुलाई (हि.स.)। आगामी चुनावों को देखते हुए हिसार जिले

में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान ने गति पकड़ ली है। भारत निर्वाचन

आयोग के निर्देशानुसार जिले की सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची

शुक्रवार को प्रकाशित कर दी गई। इसके साथ ही नए मतदाताओं को सूची में शामिल करने और

त्रुटियों के सुधार की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।

प्रारूप सूची के अनुसार हिसार जिले में इस समय 8 लाख 24 हजार 311 मतदाता दर्ज

हैं। इनमें 4 लाख 37 हजार 615 पुरुष, 3 लाख 86 हजार 686 महिला तथा 10 थर्ड जेंडर मतदाता

शामिल हैं। निर्वाचन विभाग का मानना है कि 30 अगस्त तक चलने वाले विशेष अभियान के दौरान

नए मतदाता सूची में जुड़ सकते हैं।

जिला प्रशासन ने शुक्रवार काे स्पष्ट किया कि 31 जुलाई से 30 अगस्त तक पात्र

नागरिक नए वोटर बनने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा जिन मतदाताओं के नाम, पता,

आयु अथवा अन्य विवरण में त्रुटि है, वे भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधार करा सकेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता

सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का समयबद्ध निस्तारण

किया जाएगा और प्रत्येक सप्ताह उनकी सूची संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी के कार्यालय

में प्रदर्शित की जाएगी।

अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अधिकारियों को निर्देश

दिए गए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार

के साथ-साथ समय पर सभी आवेदनों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। निर्वाचन विभाग ने

नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर अपने नाम की जांच करें और यदि

कोई त्रुटि हो तो समय रहते उसका सुधार अवश्य कराएं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story