कैथल: अफीम बरामदगी मामले में सप्लायर गिरफ्तार, सात दिन के पुलिस रिमांड पर

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: अफीम बरामदगी मामले में सप्लायर गिरफ्तार, सात दिन के पुलिस रिमांड पर


कैथल, 21 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में नशा तस्करी के नेटवर्क तक पहुंचने के लिए कार्रवाई करते हुए सीआईए-1 पुलिस ने 509 ग्राम अफीम बरामदगी के मामले में बुधवार काे कथित सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पंजाब के गांव लैड बंजारा कलां निवासी लाली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए सात दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह की अगुवाई में एएसआई कमलजीत की टीम ने यह कार्रवाई की। मामले की जांच के दौरान सामने आया था कि चीका निवासी बलजीत कुमार को बरामद हुई अफीम लाली ने उपलब्ध करवाई थी। इसके बाद पुलिस ने सप्लाई के स्रोत का पता लगाने के लिए लाली को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, 20 मार्च को सीआईए-1 की टीम ने गांव भागल से चीका जाने वाले रजबाहे के कच्चे रास्ते पर हांसी-बुटाना नहर पुल के पास बलजीत कुमार निवासी डेरा भाग सिंह, चीका को काबू किया था। तलाशी के दौरान उसके बैग में रखी पारदर्शी पॉलीथिन से 509 ग्राम अफीम बरामद हुई थी। इस संबंध में थाना चीका में मामला दर्ज किया गया था।

मामले की आगामी जांच एएसआई कमलजीत को सौंपी गई। जांच के दौरान बलजीत से पूछताछ और सामने आए तथ्यों के आधार पर लाली की कथित सप्लायर के रूप में भूमिका सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर सात दिन का रिमांड हासिल किया है। इस दौरान उससे अफीम की सप्लाई के स्रोत, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और नशे की खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ की जाएगी। पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764546 Articles

Share this story