यमुनानगर: लाखों की अफीम सहित अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर: लाखों की अफीम सहित अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार


यमुनानगर, 11 मई (हि.स.)। यमुनानगर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक किलोग्राम अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब तीन लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।

डीएसपी मुख्यालय कवलजीत सिंह ने साेमवार काे बताया कि स्पेशल स्टाफ की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिमी यमुना नहर स्थित कैनाल रेस्ट हाउस के समीप एक व्यक्ति नशीले पदार्थ की खेप लेकर मौजूद है और सप्लाई की तैयारी में है। सूचना के आधार पर स्पेशल स्टाफ इंचार्ज रमन चंदेल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। कानूनी प्रक्रिया के तहत ड्यूटी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में तलाशी ली गई, जिसमें आरोपी के कब्जे से करीब एक किलोग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी रामाधार सिंह के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी उत्तर प्रदेश से नशीले पदार्थ लाकर यमुनानगर और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करता था। डीएसपी कवलजीत सिंह ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपी से उसके नेटवर्क, सप्लाई चेन और संपर्कों के संबंध में गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जिले में किन लोगों तक यह खेप पहुंचाई जाती थी। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने और तस्करी की जड़ों तक पहुंचने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story