‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ में 4,771 अपराधी गिरफ्तार, 28 इनामी व वांछित भी दबोचे
चंडीगढ़, 17 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा पुलिस ने एक से 15 अगस्त तक चलाए गए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ के तहत अपराधियों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की। अभियान के दौरान प्रदेशभर में 4,771 कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने सोमवार को यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि इस दौरान 3,915 आपराधिक मामले दर्ज किए गए, जबकि 621 गंभीर अपराधों में संलिप्त 865 अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया। साथ ही, 1,406 हिस्ट्रीशीट अपडेट की गईं और 241 नए आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गईं। ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ के तहत हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, फिरौती, स्नैचिंग, अपहरण, अवैध हथियारों तथा अन्य संगठित अपराधों में संलिप्त अपराधियों की धरपकड़ पर विशेष जोर दिया गया। अभियान के दौरान जिला पुलिस, अपराध शाखाओं, स्पेशल टास्क फोर्स तथा अन्य विशेष इकाइयों ने आपसी समन्वय से लगातार कार्रवाई करते हुए अपराधियों के नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार किया।पुलिस महानिरीक्षक राज्य अपराध शाखा राकेश आर्य ने बताया कि ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत हरियाणा पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई करते हुए कुल 258 प्रमुख मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि अभियान के दौरान 28 इनामी एवं वांछित अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया। इनमें 1 लाख रुपये के इनामी 1 आरोपी, 50 हजार रुपये के इनामी 1 आरोपी, 25 हजार रुपये के इनामी 2 आरोपी, 20 हजार रुपये के इनामी 1 आरोपी, 2 हजार रुपये के इनामी 4 आरोपी तथा 5 हजार रुपये के इनामी 19 आरोपी शामिल हैं। इन गिरफ्तारियों में एसटीएफ सहित कैथल, नूंह, कुरुक्षेत्र, पलवल, भिवानी, फरीदाबाद, फतेहाबाद, हिसार, करनाल, सोनीपत, सिरसा, गुरुग्राम और झज्जर पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अभियान के दौरान भारी मात्रा में हथियार, गोली सिक्का, नशीले पदार्थ आदि बरामद किए गए हैं। अभियान के दौरान पुलिस ने 241 नए आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली, जबकि 1406 हिस्ट्रीशीटों को अपडेट कर उनके आपराधिक रिकॉर्ड को और अधिक मजबूत बनाया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

