सिरसा: जिला जेल में ओपन जिम का उद्घाटन
सिरसा, 20 मार्च (हि.स.)। सिरसा जिला जेल में बंदियों के स्वास्थ्य एवं पुनर्वास को ध्यान में रखते हुए न्याय और सम्मान अभियान के अंतर्गत जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनीश जिंदिया ने शुक्रवार को ओपन जिम का उद्घाटन किया। यह ओपन जिम सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से बनाया गया है। ओपन जिम में 14 व्यायाम मशीनें स्थापित की गई, जो बंदियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक होंगी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों द्वारा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और सकारात्मक जीवन शैली का संदेश दिया।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनीश जिंदिया ने कहा कि इस प्रकार की सुविधाएं बंदियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि जेल केवल दंड देने का स्थान नहीं है, बल्कि यह सुधार और पुनर्वास का केंद्र भी है, जहां बंदियों को एक नई दिशा देने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि ओपन जिम जैसी सुविधाएं बंदियों को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ मानसिक तनाव को कम करने में भी सहायक होती हैं। नियमित व्यायाम से उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का विकास होता है, जो उन्हें समाज में पुन: स्थापित होने के लिए तैयार करता है।
इस अवसर पर रोटरी इंटरनेशनल के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एवं वरिष्ठ भाजपा नेता भूपेश मेहता, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ सुभाष नरूला, डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी एडमिनिस्ट्रेशन देवेंद्र मिगलानी ,रोटरी क्लब सिरसा सीनियर के प्रधान डॉ बीएस बंसल, कोषाध्यक्ष राजेश खट्टर, पूर्व प्रधान परविन्द्र ठठई, पूर्व प्रधान विष्णु सिंगला, मनोहर लूथरा, विजय डोडा, डॉ अंशुल सिंह, प्रेम सैनी, केएस गिल मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

