यमुनानगर:उन्नत तकनीक से प्याज उत्पादन बढ़ाने की दिशा में पहल, किसानों को वैज्ञानिक प्रशिक्षण शुरू

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:उन्नत तकनीक से प्याज उत्पादन बढ़ाने की दिशा में पहल, किसानों को वैज्ञानिक प्रशिक्षण शुरू


यमुनानगर, 23 फ़रवरी (हि.स.)किसानों की आय वृद्धि और बागवानी फसलों में आधुनिक तकनीकों के विस्तार के उद्देश्य से राष्ट्रीय बागवानी अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान के क्षेत्रीय अनुसंधान केन्द्र, सलारू की ओर से पांच दिवसीय किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार से शुरू किया गया। यह प्रशिक्षण एकीकृत बागवानी विकास मिशन के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है, जिसमें जिले के विभिन्न गांवों से आए कृषक भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का आयोजन कृषि विज्ञान केन्द्र दामला में किया गया। प्रशिक्षण के उद्घाटन सत्र में सहायक निदेशक डॉ. सुधीर कुमार तथा तकनीकी अधिकारी विमलेश कुमार ने किसानों का स्वागत करते हुए प्याज और लहसुन की उन्नत किस्मों, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन प्रणाली तथा संस्थान द्वारा संचालित किसानोन्मुख कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर उत्पादन लागत कम करने के साथ गुणवत्ता बढ़ाई जा सकती है।

मुख्य अतिथि उप-निदेशक कृषि डॉ. आदित्य प्रताप डबास ने बागवानी क्षेत्र में संस्थान के योगदान की सराहना करते हुए किसानों को विभागीय योजनाओं और सहायता कार्यक्रमों का लाभ उठाने का आह्वान किया। वहीं जिला उद्यान अधिकारी डॉ. विरेन्द्र पुनिया द्वारा केन्द्र और राज्य सरकार की अनुदान आधारित योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए बागवानी फसलों को आय का मजबूत विकल्प बताया गया। कार्यक्रम समन्वयक डॉ. संदीप रावल ने कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा संचालित प्रशिक्षण, प्रदर्शन इकाइयों और तकनीकी मार्गदर्शन कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि वैज्ञानिक खेती अपनाने से किसानों की आमदनी में स्थायी वृद्धि संभव है। तकनीकी सत्र में वैज्ञानिक डॉ. चन्दन तिवारी ने प्याज की उन्नत प्रजातियों, उत्पादन प्रबंधन, रोग एवं कीट नियंत्रण, खरपतवार प्रबंधन तथा कटाई उपरांत भंडारण तकनीकों पर विस्तार से जानकारी दी। आगामी सत्रों में सब्जी फसलों की सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण भंडारण और बाजार उन्मुख उत्पादन पर भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story