जींद : शहर में हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत, एक गंभीर
जींद, 13 जून (हि.स.)। शहर में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया। पुलिस ने मृतक परिजनों की शिकायतों के आधार पर फरार वाहन चालकों के खिलाफ मामले दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव किनाना निवासी अनिल तथा अभिषेक बाइक पर सवार होकर कार्यवश शहर में जा रहे थे। जब वे रानी तालाब पर पहुंचे तो परिवहन समिति बस ने उनकी बाइक को साइड मारी दी। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना को अंजाम देकर चालक बस समेत मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने उन्हें नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने अनिल को मृत घोषित कर दिया। शहर थाना पुलिस ने घायल अभिषेक की शिकायत पर फरार बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं कैनाल रेस्ट हाउस कालोनी निवासी रामानंद पटियाला चौक से शुक्रवार रात अपने घर जा रहा था। जब वह अपोलो रोड पर पहुंचा तो पीछे से तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। जिसमें रामानंद गंभीर रूप से घायल हो गया। जिस उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया।
जहां से रामानंद को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शहर थाना पुलिस ने मृतक के बेटे गगनदीप की शिकायत पर बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शनिवार को जानकारी देते हुए शहर थाना के जांच अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि फिलहाल शिकायतों के आधार पर वाहन चालकों के खिलाफ मामले दर्ज कर लिए गए हैं। मामलों की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

