सिरसा: नकली नोट सप्लाई करने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: नकली नोट सप्लाई करने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार


सिरसा, 17 जुलाई (हि.स.)। पैसे डबल करने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य सरगना और हिस्ट्रीशीटर भूरा सिंह को पुलिस ने जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। एसपी दीपक सहारण ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी भूरा सिंह पेशेवर अपराधी है और हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। गिरफ्तार किए गए आरोपी के खिलाफ हरियाणा के अलावा राजस्थान में नकली नोट सप्लाई करने और धोखाधड़ी के करीब 30 मामले दर्ज हैं।

आरोपी भोले-भाले लोगों को पैसे डबल करने का झांसा देकर नकली करेंसी थमा देता था और उनसे असली रकम लेकर फरार हो जाता था।

पुलिस ने पैसे डबल करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो युवकों को 50 हजार रुपये की नकली करेंसी तथा पुलिस की वर्दी और अन्य सामान सहित गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया था कि राजस्थान के टिब्बी क्षेत्र निवासी नरेश कुमार को 10 हजार रुपये के बदले 20 हजार रुपये की नकली करेंसी देकर ठगी का शिकार बनाया गया था। दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि नकली नोटों का इंतजाम भूरा सिंह करता था और वही गिरोह को करेंसी उपलब्ध कराता था।

पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को सिरसा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। एसपी दीपक सहारण ने बताया कि आरोपी भूरा सिंह नकली नोट सप्लाई करने के मामले में जेल बंद था। रिमांड के दौरान उससे गहन पूछताछ कर नकली नोटों की सप्लाई चेन, इसमें शामिल अन्य लोगों और नेटवर्क के ठिकानों की जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी व्यक्ति इस गिरोह से जुड़ा पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story