खेलो मेवात-2 के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

WhatsApp Channel Join Now
खेलो मेवात-2 के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम


नूंह, 14 अक्टूबर (हि.स.)। खेलो मेवात भाग-2 के तहत नगीना ब्लॉक के राजीव गांधी खेल परिसर में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के दूसरे दिन भी बुधवार काे खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। एथलेटिक्स के साथ क्रिकेट, खो-खो और वॉलीबॉल के मुकाबले आयोजित किए गए। प्रतियोगिताओं का आयोजन 17 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा।

एथलेटिक्स स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़, लंबी कूद तथा 4×100 मीटर रिले दौड़ में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, क्रिकेट, खो-खो और वॉलीबॉल के मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। एसीयूटी अमितेज पांगती ने कहा कि खेलो मेवात भाग-2 ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने और युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस तरह की प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना सीखने का अवसर मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास करने और खेलों में बेहतर प्रदर्शन कर जिला एवं राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाने का आह्वान किया।

जिला खेल अधिकारी भूषण कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारना और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिताएं विद्यालय स्तर और ओपन वर्ग में आयोजित की जा रही हैं, ताकि अधिक से अधिक खिलाड़ी इनमें भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने बताया कि ब्लॉक स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी जिला स्तरीय खेलो मेवात भाग-2 प्रतियोगिता में भाग लेंगे। जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को निर्धारित पुरस्कारों के साथ ट्रैकसूट देकर सम्मानित किया जाएगा। इससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

प्रतियोगिता के दौरान खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी नगीना, सरपंच नसीम अहमद सहित क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों और सामाजिक लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को मेहनत, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। नगीना ब्लॉक में प्रतियोगिताओं का संचालन नोडल अधिकारी एवं मुक्केबाजी प्रशिक्षक मनोज कुमार की देखरेख में किया जा रहा है। 17 अक्टूबर तक चलने वाली इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने और जिला स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760701 Articles

Share this story