जींद : शादी में कहासुनी पर बराती बनकर आए सिंचाई विभाग कर्मी की हत्या

WhatsApp Channel Join Now
जींद : शादी में कहासुनी पर बराती बनकर आए सिंचाई विभाग कर्मी की हत्या


जींद, 21 अप्रैल (हि.स.)। सीआरएसयू के निकट सोमवार की रात बारातियों की आपसी कहासुनी में एक बाराती की चाकू घोंप कर हत्या कर दी। मृतक सिंचाई विभाग में कार्यरत था। सदर थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव बराहखुर्द निवासी कृष्ण लाल अपने बेटे दीपक की बारात लेकर सोमवार रात सीआरएसयू के निकट निजी होटल में आया था। बारातियों में खाने-पीने को दौर चल हुआ था। उसी दौरान दूल्हे के ताऊ के 40 वर्षीय बेटे विकास की बारात में शामिल गांव के ही सतीश के साथ कहासुनी हो गई। उस समय तो वहां मौजूद अन्य बारातियों ने मामले को शांत कर दिया।

कुछ समय के बाद विकास होटल से बाहर चला गया। सतीश भी वहां पर पहुंच गया। फिर से दोनों के बीच झगड़ा हो गया। उसी दौरा सतीश का बेटा अरूण तथा अमन भी मौके पर पहुंच गए। तैश में आए अमन ने अपने पास मौजूद चाकू से विकास की छाती तथा पेट पर वार कर दिए। जिसमें विकास गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम देकर आरोपित सतीश अपने दोनों बेटों को गाड़ी में लेकर फरार हो गया। लहूलुहान हालात में विकास को नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने विकास की गंभीर हालात देख पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। मृतक के बड़े भाई अरविंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मृतक विकास सिंचाई विभाग में बेलदार के पद पर डयूटीरत था। बीती रात उसके चचेरे भाई दीपक की बारात सीआरएसयू के निकट होटल में पहुंची थी। बारात में शामिल गांव के सतीश से उसके भाई विकास की कहासुनी हो गई। जिस पर सतीश ने अपने दोनों बेटों के साथ मिल कर उसके भाई विकास की हत्या कर दी। मंगलवार को जानकारी देते हुए सदर थाना के जांच अधिकारी विक्रम सिंह ने बताया किसदर थाना पुलिस ने अरविंद की शिकायत पर सतीश, उसके बेटे अरूण तथा अमन के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story