हिसार : जाट कॉलेज में 32 साल बाद हुई प्राचार्य की नियुक्ति

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : जाट कॉलेज में 32 साल बाद हुई प्राचार्य की नियुक्ति


हिसार, 4 नवंबर (हि.स.)। यहां के छाजूराम मैमोरियल जाट कॉलेज में मंगलवार काे डॉ. सुरेन्द्र कुमार बाजिया ने प्राचार्य का पदभार संभाल लिया है। जाट कॉलेज हिसार में 32 साल के बाद स्थाई प्राचार्य की नियुक्ति हुई है। इससे पहले वर्ष 1993 में प्रो. इंदर सिंह लाखलान ने स्थाई प्राचार्य के तौर पर कार्यभार संभाला था तथा उन्होंने 2018 तक इस पद पर कार्य किया। सात साल से खाली पड़े प्राचार्य पद पर डॉ सुरेन्द्र बाजिया ने स्थाई प्राचार्य के तौर पर नियुक्ति पाई है।

जाट शिक्षण संस्था के पदाधिकारी एवं मीडिया प्रभारी हर्ष बामल ने मंगलवार काे बताया कि महाविद्यालय परिसर में सेठ छाजूराम जी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर नवनियुक्त प्राचार्य ने अपनी इस नई पारी की शुरुआत की। इससे पहले डॉ. सुरेन्द्र बाजिया गुरु गोरखनाथ जी राजकीय महाविद्यालय हिसार में मनोविज्ञान के प्रोफेसर के तौर पर सेवाएं दे रहे थे। उनकी नियुक्ति पर आयोजित संवाद सत्र में जाट शिक्षण संस्था के प्रधान दिलदार सिंह पूनिया ने नवनियुक्त प्राचार्य का स्वागत किया तथा उन्हें पद ग्रहण करने पर शुभकामनाएं दीं। क्षेत्र के समाजसेवी कैप्टन टीकाराम ढांडा ने डॉ. सुरेन्द्र कुमार से जाट शिक्षण संस्था की प्रगति के लिए सकारात्मक कार्य करने का आह्वान किया। अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. सुरेन्द्र कुमार बाजिया ने सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए संस्था की बेहतरी के लिए कार्य करने का संकल्प जताया। उन्होंने कहा कि वे महाविद्यालय में शिक्षण तथा पाठ्यतर गतिविधियों में एक सृजनात्मक एवं नवीन संस्कृति को विकसित करने का प्रयास करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story