जींद : राजकीय विद्यालय में अचानक से बजा सायरन, मची अफरा-तफरी

WhatsApp Channel Join Now
जींद : राजकीय विद्यालय में अचानक से बजा सायरन, मची अफरा-तफरी


फायर इमरजेंसी की स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल आयोजित

जींद, 07 अगस्त (हि.स.)। डिफेंस कॉलोनी स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में उस समय हडकंप मच गया जब अचानक से फायर अलार्म बज गया। सभी बच्चे और अध्यापक कक्षाओं से बाहर निकल आए। हालांकि दस मिनट में स्थिति सामान्य हो गई। जिस पर सभी को समझ आया कि शुक्रवार को फायर इमरजेंसी की स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया है। इस अभ्यास में आग लगने की स्थिति में बचाव, सुरक्षित निकासी, घायलों को रेस्क्यू करने तथा विभिन्न विभागों के बीच आपातकालीन समन्वय की प्रक्रिया का व्यावहारिक अभ्यास किया गया। मॉक ड्रिल का नेतृत्व सीटीएम मोनिका रानी ने किया।

सीटीएम मोनिका रानी ने बताया कि सुबह स्कूल में फायर इमरजेंसी की सूचना मिलते ही फायर अलार्म सिस्टम का सायरन बजाया गया। इसके तुरंत बाद डीसी कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी गई और संबंधित विभागों एवं स्टेक होल्डर्स को तत्काल अलर्ट करते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। निर्धारित आपातकालीन प्रक्रिया के तहत विद्यार्थियों एवं स्कूल स्टाफ को सुरक्षित तरीके से भवन से बाहर निका लकर निर्धारित सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

मॉक ड्रिल के दौरान आगजनी की स्थिति में घायल हुए लोगों को रेस्क्यू करने तथा गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को प्राथमिकता के आधार पर उपचार के लिए पहुंचाने की प्रक्रिया का भी अभ्यास किया गया। पूरी ड्रिल लगभग 10 मिनट में संपन्न हुई। सीटीएम मोनिका रानी ने बताया कि इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आग लगने जैसी आपात स्थिति में प्रशासन, स्कूल प्रबंधन, पुलिस, होमगार्ड, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित एजेंसियों की त्वरित प्रतिक्रिया और आपसी समन्वय को परखना है। ऐसे अभ्यासों से वास्तविक आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी से और व्यवस्थित तरीके से संचालित करने में मदद मिलती है।सीटीएम ने कहा कि इस मॉक ड्रिल के माध्यम से हमारा प्रयास है कि किसी भी वास्तविक आपात स्थिति में जिला प्रशासन और संबंधित विभाग पूरी तत्परता, बेहतर समन्वय और प्रभावी योजना के साथ राहत एवं बचाव कार्य कर सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story