सिरसा: नर्सिंग कर्मचारियों ने दो घंटे पैन डाउन हड़ताल कर जताया रोष

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: नर्सिंग कर्मचारियों ने दो घंटे पैन डाउन हड़ताल कर जताया रोष


सिरसा, 09 जून (हि.स.)। हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष द्वारा सिविल अस्पताल कुरूक्षेत्र में नर्सिंग आफिसर के साथ अभद्र टिप्पणी व गलत व्यवहार करने के विरोध में जिले के नागरिक अस्पताल में कर्मचारियों ने दो घंटे पैन डाउन हड़ताल कर रोष जाहिर किया। कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन भी सिविल सर्जन को सौंपा है।

नर्सिंग आफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राजकुमार भारद्वाज ने मंगलवार को बताया कि डॉक्टर रेप केस इन्क्वायरी के दौरान सिविल अस्पताल कुरुक्षेत्र में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया पहुंची और उन्होंने वहां कार्यरत नर्सिंग आफिसर के साथ अभद्र व्यवहार व गलत टिप्पणी की। बेटियों के बारे में गलत टिप्पणी बोली और स्टाफ के ऊपर गलत आरोप लगाया कि नर्सिंग आफिसर ने इस जघन्य अपराध में डॉक्टर का साथ दिया। जबकि हमारी ड्यूटी इंडोर में होती है, ओपीडी में फिमेल हेल्पर होता है, डॉक्टर को फीमेल हेल्पर को खुद बुलाना पड़ता है, जब किसी फीमेल पेशेंट का चैकअप करते हैं तो डाक्टरों के प्रोटोकॉल में होता है। उन्होंने कहा कि हम डॉक्टरों के पहरेदार नहीं है और उस डॉक्टर के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिस अथॉरिटी ने इस डॉक्टर को दोबारा ज्वाइन करवाया है वो दोषी है। कर्मचारियों ने रेणु भाटिया की इस टिप्पणी व गलत व्यवहार की कड़ी निंदा की है।

कर्मचारियों ने कहा कि आयोग अध्यक्ष खुद एक महिला होने के नाते दूसरी महिला पर कैसे ऐसी टिप्पणी कर सकतीं हैं। रेणु भाटिया को समस्त नर्सिंग कैडर से माफी मांगनी चाहिए। ऐसी टिप्पणी व व्यवहार से पूरे नर्सिंग समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है। नर्सिंग आफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा व पूरा नर्सिंग समाज रेणु भाटिया द्वारा दिए गए ऐसे बयानों का विरोध करती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story