प्रदूषण रोकने को खरीदी एंटी स्मॉग गन नगर परिषद में खा रही धूल

WhatsApp Channel Join Now
प्रदूषण रोकने को खरीदी एंटी स्मॉग गन नगर परिषद में खा रही धूल


प्रदूषण रोकने को खरीदी एंटी स्मॉग गन नगर परिषद में खा रही धूल


नूंह, 21 नवंबर (हि.स.)। नूंह में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए नगर परिषद में लाखों रुपये की लागत से लाई गई एंटी स्मॉग गन इन दिनों खुद धूल फांक रही है। प्रदूषण के स्तर में बढ़ोतरी होने पर हवा में पानी का छिड़काव कर धूल और प्रदूषण के प्रभाव को कम करने के उद्देश्य से लाई गई यह मशीन पिछले कई महीनों से नगर परिषद कार्यालय परिसर में खड़ी है। हालात यह हैं कि एनसीआर में प्रदूषण बढ़ने के चलते नूंह में ग्रेप-3 लागू होने के बावजूद इस मशीन का इस्तेमाल होता नजर नहीं आ रहा है।

नगर परिषद कार्यालय में खड़ी एंटी स्मॉग गन को देखकर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर लाखों रुपये खर्च कर लाई गई इस मशीन का उपयोग कब किया जाएगा। जिस समय शहर को प्रदूषण से राहत दिलाने के लिए इस तरह के उपकरणों की सबसे अधिक जरूरत है, उसी समय यह गाड़ी कार्यालय परिसर में खड़ी धूल जमा कर रही है। स्थानीय स्तर पर प्रदूषण नियंत्रण के लिए इसकी उपयोगिता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

गौरतलब है कि नूंह में पिछले कई दिनों से वायु गुणवत्ता का स्तर खराब बना हुआ है। शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 200 से अधिक दर्ज किया जा रहा है। प्रदूषण बढ़ने से सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों की परेशानी बढ़ रही है। वहीं, लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत जैसी शिकायतों का सामना करना पड़ रहा है। इसका असर विशेष रूप से बुजुर्गों, छोटे बच्चों और पहले से सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों पर पड़ सकता है।

एक तरफ प्रशासन की ओर से प्रदूषण नियंत्रण के लिए ग्रेप-3 के तहत कदम उठाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ नगर परिषद परिसर में खड़ी एंटी स्मॉग गन का इस्तेमाल नहीं होना व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। लोगों का सवाल है कि क्या यह मशीन केवल कार्यालय परिसर में खड़ी रखने के लिए खरीदी गई थी या फिर इसका उद्देश्य वास्तव में शहर को प्रदूषण से राहत दिलाना है।

मशीन का संचालन क्यों नहीं किया जा रहा और प्रदूषण के मौजूदा हालात में इसे सड़कों पर उतारने की योजना है या नहीं, इस संबंध में नगर परिषद के अधिकारियों की ओर से कोई स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया है। यदि लंबे समय तक इसी तरह मशीन का इस्तेमाल नहीं किया गया तो लाखों रुपये की लागत से खरीदे गए इस उपकरण के खराब होने की आशंका भी बनी रहेगी। ऐसे में जरूरत है कि नगर परिषद इस मशीन के संचालन को लेकर स्थिति स्पष्ट करे और प्रदूषण नियंत्रण के लिए इसका प्रभावी इस्तेमाल सुनिश्चित करे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780857 Articles

Share this story