नूंह मेडिकल कॉलेज का सहायक 22 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार
नूंह, 27 अक्टूबर (हि.स.)। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की नूंह सब-यूनिट ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शहीद हसन खान राजकीय मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ के डीन कार्यालय में तैनात एक सहायक को 22 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सकरुद्दीन के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने शिकायतकर्ता की छह दिनों की अतिरिक्त ड्यूटी की हाजिरी पूरी करने के बदले रिश्वत की मांग की थी।
ब्यूरो के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि शिकायतकर्ता ने एसीबी को दी शिकायत में आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज के डीन कार्यालय में सहायक के पद पर तैनात सकरुद्दीन उससे अतिरिक्त ड्यूटी की छह दिनों की हाजिरी पूरी करने के एवज में 22 हजार रुपये मांग रहा था। शिकायत के आधार पर एसीबी की नूंह सब-यूनिट ने नियमानुसार ट्रैप की योजना बनाई।
इसके बाद एसीबी की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को कथित तौर पर 22 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। मामले में आरोपी के खिलाफ राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के गुरुग्राम थाने में मामला दर्ज किया गया है। एसीबी की ओर से मामले की आगामी जांच नियमानुसार की जा रही है। एसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य को करने के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत ब्यूरो को दें। इसके अलावा नागरिक ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से भी भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

