नूंह पुलिस ने अवैध खनन में लगी ट्रैक्टर-ट्रॉलियाें समेत एक को दबोचा

WhatsApp Channel Join Now
नूंह पुलिस ने अवैध खनन में लगी ट्रैक्टर-ट्रॉलियाें समेत एक को दबोचा


नूंह, 19 जून (हि.स.)। नूंह जिले में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नूंह पुलिस ने पिछले दो दिनों में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में संलिप्त तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया गया है। पुलिस द्वारा सभी मामलों में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

जिला पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि थाना पिनगवां क्षेत्र के गांव झिमरावट में सूचना के आधार पर अवैध खनन में प्रयुक्त एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा गया। वहीं दूसरी कार्रवाई में थाना सदर तावडू पुलिस ने गांव चीला की पहाड़ियों में छापेमारी कर पत्थरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया। यह कार्रवाई थाना सदर तावडू के प्रबंधक उप-निरीक्षक शीशराम के नेतृत्व में की गई। मौके से पुलिस ने अवैध खनन के आरोप में मुजाहिद पुत्र जुहरू निवासी चीला को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इसके अलावा थाना रोजका मेव पुलिस ने भी अवैध खनन के एक मामले में ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा। खनन विभाग की ओर से अवैध खनन में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पिछले दो दिनों में हुई इन कार्रवाइयों के दौरान कुल तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पकड़ी गई हैं तथा संबंधित आरोपियों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story