नूंह पुलिस ने 19 साल से फरार आरोपी को किया गिरफ्तार
नूंह, 18 जुलाई (हि.स.)। फरार एवं उद्घोषित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नूंह पुलिस ने करीब 19 वर्षों से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी शौकत खान उर्फ सैली निवासी गांव ग्वारका, थाना सदर तावड़ू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि शौकत खान को थाना बिलासपुर, गुरुग्राम में सीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले में न्यायिक दंडाधिकारी (जेएमआईसी), गुरुग्राम ने 18 जुलाई 2007 को उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। इसके बाद से वह लगातार पुलिस और न्यायालय की कार्रवाई से बचता हुआ फरार चल रहा था।
निरीक्षक चंद्रभान, प्रबंधक थाना शहर तावड़ू के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने गहन जांच और लगातार की गई तलाश के बाद आरोपी को गांव ग्वारका क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए थाना मानेसर, जिला गुरुग्राम पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार शौकत खान के विरुद्ध विभिन्न जिलों और थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें थाना बावल में चोरी और घर में घुसकर चोरी, थाना नूंह में सीएस एक्ट के उल्लंघन, थाना भिवाड़ी (अलवर, राजस्थान) में अपहरण एवं डकैती तथा थाना सदर रेवाड़ी में भ्रष्टाचार संबंधी प्रावधानों के तहत दर्ज मामले शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

