नूंह पुलिस ने 13 साल से फरार इनामी अपराधी गिरफ्तार कर राजस्थान पुलिस को सौंपा

WhatsApp Channel Join Now
नूंह पुलिस ने 13 साल से फरार इनामी अपराधी गिरफ्तार कर राजस्थान पुलिस को सौंपा


नूंह, 20 नवंबर (हि.स.)। अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नूंह पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुन्हाना थाना पुलिस ने करीब 13 साल से फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजस्थान के शाहपुरा थाना क्षेत्र में वर्ष 2013 में दर्ज लूट के मामले में वांछित था। गिरफ्तारी के बाद नूंह पुलिस ने आरोपी को राजस्थान पुलिस के हवाले कर दिया।

नूंह पुलिस जिले में फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गांव नांगल रूपाहेड़ी निवासी नियाजू राजस्थान के शाहपुरा थाना में दर्ज लूट के मामले में वांछित है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी वर्ष 2013 में दर्ज मामले के बाद से ही गिरफ्तारी से बचता आ रहा था। लंबे समय तक पुलिस की पकड़ में नहीं आने के चलते वर्ष 2023 में उसे फरार घोषित कर दिया गया था। राजस्थान पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था। आरोपी को पकड़ने के लिए राजस्थान पुलिस ने नूंह पुलिस से सहयोग मांगा था।

इसके बाद पुन्हाना पुलिस की टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी नियाजू को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे राजस्थान पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जिले में फरार और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780489 Articles

Share this story