नूंह पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पकड़ा गाेकशी का आराेपी
नूंह, 17 जुलाई (हि.स.)। नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में पुलिस ने शुक्रवार की अल सुबह मुठभेड़ के बाद गाेकशी के एक वांछित आरोपी काे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी जमशेद निवासी गांव अगोन, फिरोजपुर झिरका के दोनों पैरों में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए नल्हड़ स्थित शहीद हसन खां मेवाती सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस द्वारा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
फिरोजपुर झिरका के उप-पुलिस अधीक्षक हरदीप सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि गुरुवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि के बाद सीएस स्टाफ फिरोजपुर झिरका के प्रभारी उप-निरीक्षक महेंद्र सिंह को सूचना मिली थी कि अगोन गांव निवासी जमशेद अपने कुछ साथियों के साथ मकान के पास स्थित एक खाली प्लॉट में गाेकशी की तैयारी कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की, लेकिन आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। पुलिस ने मौके से तीन गोवंश तथा गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, जिनमें छुरी, कुल्हाड़ी सहित अन्य सामान बरामद किया। इस संबंध में थाना सदर फिरोजपुर झिरका में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
डीएसपी ने बताया कि शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि उक्त मामले का आरोपी जमशेद रावली बांध के रास्ते राजस्थान की ओर भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने रावली बांध के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ समय बाद आरोपी वहां दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने और आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने कथित रूप से अवैध देसी कट्टे से पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी।
पुलिस के अनुसार आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। इसके बाद घायल आरोपी को तुरंत शहीद हसन खां मेवाती सरकारी मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा और कारतूस भी बरामद किए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

