यमुनानगर:एनआरआई पति पर तथ्य छिपाकर विवाह करने व दहेज उत्पीड़न का आरोप, केस दर्ज
यमुनानगर, 13 मई (हि.स.) यमुनानगर की एक महिला ने अपने एनआरआई पति पर विदेश में दर्ज आपराधिक मामले और निजी जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य छिपाकर विवाह करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पति तथा ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। गांधी नगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कृष्णा कॉलोनी निवासी शिपरा सरीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक कॉलेज में अनुबंध आधार पर व्याख्याता के रूप में कार्यरत थी। विवाह से पूर्व उसे बताया गया था कि नवोदित ऑबरोय न्यूजीलैंड में उच्च वेतन वाली नौकरी करता है और वहां स्थायी निवास का दर्जा प्राप्त कर चुका है। परिवार ने इन्हीं जानकारियों के आधार पर रिश्ता स्वीकार किया। शिकायत के अनुसार वर्ष 2022 में कोर्ट मैरिज के बाद पारिवारिक समारोह आयोजित किए गए, जिन पर लाखों रुपये खर्च हुए। बाद में जनवरी 2024 में जगाधरी स्थित एक रिजॉर्ट में सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह समारोह संपन्न कराया गया।
महिला का आरोप है कि शादी के बाद ससुराल पक्ष का व्यवहार बदल गया और उसे दहेज में महंगी कार तथा नकदी लाने के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसका पति बाद में न्यूजीलैंड लौट गया और उसे अपने पास बुलाने का आश्वासन देता रहा, लेकिन ऐसा नहीं किया। इसी दौरान उसे जानकारी मिली कि पति पर न्यूजीलैंड में निजी अश्लील वीडियो बनाने से संबंधित आपराधिक मामला दर्ज था। महिला का आरोप है कि यह तथ्य जानबूझकर छिपाया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

