मतदाता सूचियों में गलतियां ठीक कराने को 8.91 लाख नोटिस जारी

WhatsApp Channel Join Now

-हरियाणा में 44.84 लाख मतदाताओं के रिकार्ड में हैं गड़बडिय़ां

-फरीदाबाद की मतदाता सूचियों में मिली सर्वाधिक खामियां

चंडीगढ़, 10 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा की मतदाता सूचियों में गलतियों को सुधारने के लिए चुनाव आयोग की तरफ से राज्य के आठ लाख 91 हजार मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। मतदाता इन खामियों को सुधारने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। हरियाणा में मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान 44 लाख 83 हजार 676 मतदाताओं के विवरण में नाम, पिता/पति के नाम अथवा रिश्ते से संबंधित कमियां सामने आई हैं। सभी मतदाताओं को अपने मतदाता पहचान पत्रों में सुधार के लिए 31 अगस्त तक का समय दिया गया है।

हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने सोमवार को प्रदेश के सभी उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

जिलेवार आंकड़ों के अनुसार, फरीदाबाद में सबसे अधिक 6,83,647 मतदाताओं के रिकार्ड में ऐसी कमियां मिली हैं। यहां सभी के लिए नोटिस जनरेट किए गए हैं, जबकि 55,733 नोटिस वितरित हो चुके हैं। इसके बाद हिसार में 2,83,747, सोनीपत में 2,82,239, करनाल में 2,68,827, पानीपत में 2,30,273 और जींद में 1,97,588 मतदाताओं के रिकार्ड में सुधार की जरूरत सामने आई है।

आंकड़ों का विश्लेषण करें तो नोटिस जनरेट किए जाने की तुलना में अब तक करीब 19.87 प्रतिशत नोटिस ही वितरित हुए हैं। यानी लगभग 35.93 लाख नोटिस अभी वितरित किया जाना बाकी है। नोटिस वितरण के मामले में पानीपत 97,552, सोनीपत 61,928, कुरुक्षेत्र 60,077 और हिसार 59,637 के साथ आगे हैं। वहीं गुरुग्राम में 4,74,870 नोटिसों में से केवल 9,328 तथा पंचकूला में 1,03,682 में से सिर्फ 8,313 नोटिस वितरित हुए हैं। गुरुग्राम में वितरण का अनुपात करीब 1.96 प्रतिशत और पंचकूला में करीब 8.02 प्रतिशत है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए श्री निवास के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची में दर्ज विवरण की शुद्धता सुनिश्चित करना है, ताकि नाम, पिता/पति का नाम और मतदाता से संबंधित रिश्ते की जानकारी में मौजूद त्रुटियों को समय रहते ठीक किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story