हिसार : 23 हजार वोटों पर आपत्ति चिंता का विषय, मतदाताओं के अधिकार से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : दुष्यंत चौटाला

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : 23 हजार वोटों पर आपत्ति चिंता का विषय, मतदाताओं के अधिकार से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : दुष्यंत चौटाला


नलवा में बीएलए-2 कार्यकर्ताओं की बैठक में मतदाता सूचियों की जांच के दिए

निर्देश

सूखे से प्रभावित किसानों के लिए मुआवजे की मांग

हिसार, 18 सितंबर (हि.स.)। जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के वरिष्ठ नेता एवं

पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शुक्रवार को आजाद नगर में नलवा विधानसभा क्षेत्र

के बीएलए-2 कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने,

मतदाता सूचियों की बारीकी से जांच करने और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं

को दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर भी चर्चा

हुई। हरियाणा में इस प्रक्रिया के तहत दावे और आपत्तियां 30 सितंबर तक दर्ज की जा सकती

हैं।

दुष्यंत चौटाला ने शुक्रवार काे आरोप लगाया कि नलवा विधानसभा क्षेत्र में वर्णमाला क्रम

में नामों की कमी का बहाना बनाकर करीब 23 हजार वोटों को आपत्ति के दायरे में डाल दिया

गया है। उन्होंने कहा कि यह चिंता का विषय है और मतदाताओं के अधिकार से खिलवाड़ बर्दाश्त

नहीं किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि नलवा के अलावा हरियाणा की कई अन्य विधानसभा

सीटों पर भी बड़ी संख्या में मतों पर आपत्तियां लगाई जा रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं

से मतदाता सूचियों की जांच कर ऐसे मामलों को सामने लाने का आह्वान किया।

दुष्यंत चौटाला ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पंजाब दौरों को लेकर भी निशाना

साधा। उन्होंने कहा कि हरियाणा के इतिहास में वर्तमान मुख्यमंत्री के पंजाब दौरे सबसे

अधिक हो रहे हैं। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा, पूर्व चेयरमैन राजेंद्र लितानी, जिला अध्यक्ष

अनिल बालकिया, नलवा हल्का अध्यक्ष राजेश झाझड़िया, प्रदेश कार्यालय सचिव रविंद्र सांगवान,

अजित ओडियम, मास्टर तारा चंद, सरपंच शमशेर मात्रश्याम, गौरव सैनी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story