रेवाड़ी: ट्रक ने युवक को कुचला, चालक मौके से फरार

WhatsApp Channel Join Now

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, मृतक की पहचान के प्रयास जारी

रेवाड़ी, 29 मार्च (हि.स.)। धारूहेड़ा क्षेत्र में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, द्वारकाधीश मंदिर के पास एक युवक सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान 75 फुटा रोड पर तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और मौके पर ही बुरी तरह कुचल दिया। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायल युवक को संभाला और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर फैलते ही इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही धारूहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है, जिसके चलते पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है।

पुलिस ने बताया कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार ट्रक चालक और वाहन की पहचान की जा सके। साथ ही, मामले में अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story