नारनौल में एक व्यक्ति जिंदा जला, पुलिस जांच में जुटी
नारनाैल, 4 नवंबर (हि.स.)। नारनौल के गांव चिंडालिया में मंगलवार को एक व्यक्ति जिंदा जल गया। मृतक की पहचान गांव चिंडालिया निवासी 45 वर्षीय रामशरण के रूप में हुई है। मृतक महाराष्ट्र में एक कंपनी में चालक के पद पर कार्यरत था और कुछ दिनों से अपने गांव आया हुआ था। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस ने शव का नागरिक अस्पताल से पोस्टमॉर्टम करवाया व शव परिजनों को सौंप दिया। हांलाकि आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक अविवाहित था और महाराष्ट्र में ही रहता था। बीते कुछ दिनों से वह यहां अपने घर पर आया हुआ था। रात को वह एक कमरे में सोया हुआ था, सुबह जब परिजन उठे तो कमरे से धुआं निकलता दिखाई दिया। इस पर परिजनों ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो रामशरण बुरी तरह झुलसा हुआ मिला। जिस पर परिजन उसको तुरंत नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का नागरिक अस्पताल से पोस्टमॉर्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

