गीता के श्लोकोच्चारण से गीतामय हुआ नारनौल
नारनौल, 29 नवंबर (हि.स.)। नारनौल में मंत्रोच्चारण और पवित्र ग्रंथ गीता के पूजन के बीच शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के उपलक्ष में जिला स्तरीय गीता महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। इसके साथ ही चारों तरफ पवित्र ग्रंथ गीता के श्लोकोच्चारण से समस्त वातावरण गीतामय हो उठा। अतिरिक्त उपायुक्त उदय सिंह ने मुख्य अतिथि के तौर पर गीता यज्ञ में पूर्ण आहुति डाली और कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस मौके पर नगराधीश डॉ मंगलसेन भी मौजूद रहे। इस महोत्सव में विभिन्न स्कूलों व कॉलेजों से आई लोक कलाकारों की टीमों ने हरियाणवी वेशभूषा में सुसज्जित होकर गीता थीम पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से अंजू दीदी, हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय जाट-पाली के प्रोफेसर आनंद शर्मा तथा जीओ गीता से मास्टर सुरेश कुमार ने गीता पर अपने व्याख्यान दिए।
नागरिकों को गीता पर्व की बधाई देते हुए एडीसी उदय सिंह ने कहा कि सरकार के प्रयासों से गीता जयंती को अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का दर्जा मिला है। यह हमारे लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को कर्मयोग का जो दिव्य संदेश दिया वह आज भी मानव के लिए प्रेरणा स्त्रोत है। गीता विषाद से विजय तक ले जाती है।
इस दौरान विभिन्न स्कूलों की सांस्कृतिक टीमों ने गीता थीम पर आधारित प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को और उल्लासपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम में सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नांगल चौधरी, एमआर मित्रपुरा, एमआर अटेली, एसडी ककराला, सीएल पब्लिक स्कूल नारनौल व आरपीएस स्कूल नारनौल के छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। इस मौके पर जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ शशिबाला, बीजेपी जिला उपाध्यक्ष वासुदेव यादव, लोक संस्कृति प्रकोष्ठ से डॉ कृष्णा यादव सहित अनेक अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

