नारनौल में हेरोइन के साथ राजस्थान का युवक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में हेरोइन के साथ राजस्थान का युवक गिरफ्तार


नारनाैल, 28 नवंबर (हि.स.)। नारनौल में सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सुराणा फ्लाईओवर के पास से एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 56.14 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। आरोपी की पहचान राजस्थान के झुंझुनूं जिले के गांव नालपुर निवासी मुकेश कुमार के रूप में हुई है।

डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण ने शनिवार को बताया कि 27 नवंबर को सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पंजाब से नशीला पदार्थ लेकर नांगल चौधरी रोड स्थित सुराणा फ्लाईओवर के पास पहुंचने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रेडिंग पार्टी तैयार कर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, इसी दौरान राजस्थान नंबर की एक बस से उतरकर एक व्यक्ति जाता दिखाई दिया। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की। उसने अपनी पहचान मुकेश कुमार निवासी गांव नालपुर, जिला झुंझुनूं (राजस्थान) के रूप में बताई।

इसके बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसकी जेब से एक पारदर्शी पॉलीथिन बरामद हुई। जांच में उसमें हेरोइन (चिट्टा) होने की पुष्टि हुई। इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर पॉलीथिन सहित नशीले पदार्थ का कुल वजन 56.14 ग्राम पाया गया।

पुलिस ने हेरोइन को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना सदर नारनौल में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी से नशे की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784847 Articles

Share this story