नारनाैल में बाइक की टक्कर से युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल में बाइक की टक्कर से युवक की मौत


नारनाैल, 28 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के गांव खासपुर के पास बड़ी नहर के नजदीक तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से घायल हुए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में युवक के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। उसे नारनौल के नागरिक अस्पताल से रोहतक पीजीआईएमएस रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। थाना सदर नारनौल में पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव खासपुर के सरपंच प्रतिनिधि दारा सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 24 अक्टूबर को नारनौल से अपने घर लौट रहे थे। शाम के समय जब वह बड़ी नहर के पास पहुंचे तो एक बाइक चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें क्रॉस करके आगे निकल गया। कुछ दूरी पर सड़क किनारे एक युवक भेड़-बकरियां चरा रहा था। इसी दौरान बाइक चालक ने पीछे से युवक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से युवक सड़क पर गिर गया और उसका सिर सड़क से टकरा गया।

दारा सिंह के अनुसार, बाइक चालक ने कुछ देर के लिए बाइक रोकी, लेकिन बाद में मौके से फरार हो गया। उन्होंने बाइक का नंबर नोट कर लिया और घायल युवक को संभाला। युवक की पहचान गांव खासपुर निवासी सोनू के रूप में हुई। उसके सिर से काफी खून बह रहा था। उसे निजी वाहन से नारनौल के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक रेफर कर दिया।

पुलिस ने हादसे की सूचना मिलने पर नागरिक अस्पताल पहुंचकर मेडिकल रिपोर्ट हासिल की। 27 अक्टूबर को पीजीआईएमएस रोहतक से सोनू की मौत की सूचना मिली। इसके बाद दारा सिंह की शिकायत पर थाना सदर नारनौल में बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768210 Articles

Share this story