महेंद्रगढ़ युवा कांग्रेस अध्यक्ष पुनीत बुलान ने दिया इस्तीफा

WhatsApp Channel Join Now
महेंद्रगढ़ युवा कांग्रेस अध्यक्ष पुनीत बुलान ने दिया इस्तीफा


समर्थकों के नाम भावुक संदेश जारी कर जताया आभार, राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज

नारनाैल, 20 जून (हि.स.)। महेंद्रगढ़ जिले की राजनीति में शनिवार को उस समय हलचल मच गई, जब युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पुनीत बुलान ने अपने पद से अचानक इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा हरियाणा युवा कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों को भेजते हुए प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष को लिखित रूप में सौंप दिया। उनके इस फैसले के बाद जिले के राजनीतिक और संगठनात्मक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

इस्तीफा देने के तुरंत बाद पुनीत बुलान ने अपने समर्थकों, कार्यकर्ताओं और आम जनता के लिए एक भावुक संदेश भी जारी किया। अपने संदेश में उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, साथी पदाधिकारियों, जमीनी कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों और मीडिया से जुड़े लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़ युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष के रूप में मिली जिम्मेदारी उनके सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन का एक महत्वपूर्ण अध्याय रही है।

पुनीत बुलान ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्हें जिले के विभिन्न क्षेत्रों और समाज के हर वर्ग से भरपूर सहयोग, सम्मान और स्नेह मिला। यह अनुभव उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा। उन्होंने कहा कि राजनीति में पद स्थायी नहीं होते, लेकिन लोगों का विश्वास, समर्थन और साथ किसी भी कार्यकर्ता की सबसे बड़ी ताकत होता है। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मिले प्यार और सम्मान को अविस्मरणीय बताते हुए सभी साथियों का धन्यवाद किया। हालांकि उन्होंने अपने इस्तीफे के पीछे कोई स्पष्ट कारण सार्वजनिक नहीं किया है, जिससे राजनीतिक अटकलों का दौर तेज हो गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story