नारनौल में गांजे के साथ युवक गिरफ्तार
गांजा बेचने की फिराक में था आरोपी, सीआईए पुलिस ने दबोचा
नारनाैल, 07 अक्टूबर (हि.स.)। नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नारनौल सीआईए पुलिस ने एक युवक को गांजे के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक किलो 193 ग्राम गांजा बरामद किया है। आरोपी की पहचान नारनौल निवासी मंगल चौहान के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना शहर नारनौल में नशीले पदार्थों से संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
एएसआई कुलदीप ने बुधवार को बताया कि मंगलवार शाम को सीआईए पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि एक युवक छोटा-बड़ा तालाब के पास गांजा बेचने की फिराक में खड़ा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर पहुंचकर युवक को काबू कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के पास एक सफेद और गुलाबी रंग का थैला था। पुलिस टीम ने थैले की तलाशी ली तो उसके अंदर मोमी पॉलीथिन में एक भूरा बंडल मिला। बंडल को खोलने पर उसमें गांजे की पत्तियां बरामद हुईं। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ का वजन कराया, जो थैले और पॉलीथिन सहित एक किलो 193 ग्राम पाया गया।
पुलिस ने गांजे को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ थाना शहर नारनौल में मामला दर्ज किया गया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह गांजा कहां से लेकर आया था और इसे आगे किन लोगों को बेचने की योजना थी। पुलिस मामले में नशीले पदार्थ की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

