नारनौल में ट्रेन की चपेट में आने से राजस्थान के मजदूर की मौत
जोरासी रेलवे स्टेशन के पास लाइन पार करते समय हादसा, राजस्थान निवासी के रूप में हुई पहचान
नारनाैल, 20 मार्च (हि.स.)। नारनौल में जोरासी रेलवे स्टेशन के नजदीक रेलवे लाइन पार करते समय एक व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के संबंध में जीआरपी चौकी नारनौल प्रभारी कैलाशचंद ने बताया कि मृतक की पहचान राजस्थान के बसई गांव निवासी करीब 40 वर्षीय विकेश कुमार के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विकेश रेलवे लाइन पार कर रहा था, तभी वह अज्ञात ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर नारनौल के नागरिक अस्पताल भिजवाया गया।शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार मृतक अविवाहित था और मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता था। हादसे के समय वह किस कारण से रेलवे लाइन पार कर रहा था, इसको लेकर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने इस घटना को हादसा मानते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।वहीं, जीआरपी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे रेलवे लाइन पार करते समय सावधानी बरतें और निर्धारित स्थानों का ही उपयोग करें, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

