नारनौल में पेयजल संकट से परेशान महिलाओं ने किया प्रदर्शन
पर्याप्त सप्लाई नहीं मिलने पर महिलाओं ने जताया रोष, जल्द समाधान नहीं होने पर बड़े प्रदर्शन की चेतावनी
नारनाैल, 03 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के अनेक मोहल्ले में पिछले 8-10 दिनों से पानी की पर्याप्त सप्लाई नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घरों में पानी नहीं पहुंचने से पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया है। शनिवार को बड़ी संख्या में महिलाओं ने पानी की समस्या को लेकर प्रदर्शन किया और जल्द समाधान की मांग की।
स्थानीय लोगों के अनुसार मोहल्ले में पानी की टंकी के पास और ऊपरी हिस्से में तो पानी पहुंच रहा है, लेकिन टंकी से दूर गुरुद्वारा और बड़का कुआं लाइन में पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। पिछले कई दिनों से घरों में पानी नहीं आने के कारण लोगों को दूसरे स्थानों से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
महिलाओं सुनीता देवी, मणि शर्मा, मधु कटारिया, संतोष देवी, विमला देवी, शीला महेश्वरी, रेखा देवी, धन्वंतरी देवी और मिन्नू देवी ने बताया कि पानी की सप्लाई से जुड़े कर्मचारियों की ओर से कई बार मोटर खराब होने की बात कही जाती है। महिलाओं का कहना है कि नई मोटर लगाने के बाद भी कुछ दिनों में दोबारा खराब होने की समस्या सामने आ जाती है। इससे स्थायी समाधान को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
महिलाओं ने कहा कि पानी की व्यवस्था के लिए उन्हें घर का काम छोड़कर इधर-उधर जाना पड़ रहा है। पिछले वर्ष लगी मोटर से पूरे मोहल्ले में पानी की सप्लाई होती थी और मोटर बंद होने के बावजूद ओवरफ्लो का पानी भी चलता रहता था। अब लोग एक-एक बाल्टी पानी के लिए परेशान हैं। महिलाओं ने चेतावनी दी कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

