नारनाैल: आईपीएल में सिलेक्शन का झांसा देकर महिला कांस्टेबल से 40 लाख ठगे
नारनाैल, 29 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा पुलिस की नारनौल में तैनात महिला कांस्टेबल से क्रिकेटर बनकर ठगी करने का मामला सामने आया है।
आरोपी विक्रांत तोमर पर आईपीएल में सिलेक्शन का झांसा देकर महिला कांस्टेबल से 40 लाख रुपये ठगने का आरोप है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद महिला कांस्टेबल को अब रकम वापस मिलने की उम्मीद जगी है।
महिला कांस्टेबल ने गुरुवार को बताया कि उसके साथ यह धोखाधड़ी वर्ष 2022 में हुई थी। उसने इस मामले में गुरुग्राम में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। महिला खुद भी क्रिकेट खिलाड़ी रही है और अपनी बहन के साथ सहवाग क्रिकेट एकेडमी में खेलने जाती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात विक्रांत से हुई।
महिला के अनुसार, आरोपी की इंस्टाग्राम आईडी ‘विक्ट्री’ नाम से थी। वह खुद को दिल्ली रणजी टीम का खिलाड़ी बताता था। उसने आईपीएल में चयन के लिए 60 लाख रुपये की जरूरत बताई। महिला ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई तो आरोपी ने अपने मामा संजीव का हवाला देकर एक सप्ताह में पैसे लौटाने का भरोसा दिलाया।
इसके बाद महिला कांस्टेबल ने विक्रांत, उसके भाई तन्मय, बिलाल खान और अन्य लोगों के बैंक खातों में अलग-अलग किश्तों में 40 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसमें कुछ रकम उसने अपनी बहन से उधार भी ली थी।
आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर विक्रांत टालमटोल करने लगा और बाद में रकम लौटाने से इनकार कर दिया। उसने महिला को नौकरी से हटवाने की धमकी भी दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ दिल्ली के मायापुरी, हरि नगर और इंद्रपुरी सहित विभिन्न स्थानों पर ठगी के पांच मामले दर्ज हैं। आरोपी विक्रांत तोमर (26) उत्तर प्रदेश के बागपत का निवासी है। वह महंगी गाड़ियां किराये पर लेकर महिलाओं को घुमाता और सोशल मीडिया पर लग्जरी लाइफस्टाइल की तस्वीरें व वीडियो डालता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

