नारनौल में दिहाड़ीदार मजदूर की हत्या,पत्नी पर लगा आरोप
नारनाैल, 15 जून (हि.स.)। जिले के गांव सुरानी में रविवार देर रात एक महिला ने अपने पति की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी।घटना के बाद आरोपित महिला मौके से फरार हो गई। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव सुरानी निवासी रामकुमार ने बताया कि उसके 31 वर्षीय पुत्र शशिकांत की वर्ष 2023 में गुरुग्राम जिले के गांव मऊ लोकरी निवासी सरस्वती के साथ दूसरी शादी हुई थी। दोनों का ही यह दूसरा विवाह था। दंपती का करीब दो वर्षीय बेटा भी है।
शिकायत के अनुसार शशिकांत मजदूरी का काम करता था। रविवार को वह काम से घर लौटने के बाद परिवार के साथ खाना खाकर अपने कमरे में चला गया। इसी दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। परिवार के सदस्यों ने बीच-बचाव कर दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ देर बाद फिर कहासुनी शुरू हो गई।
रामकुमार ने आरोप लगाया कि जब वह कमरे की ओर पहुंचा तो उसने सरस्वती को घर से बाहर भागते हुए देखा। उसके अनुसार महिला के हाथ में चाकू था, जिसे वह मौके पर फेंककर भाग गई। कमरे के अंदर पहुंचने पर शशिकांत गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला और उसके गले से खून बह रहा था। परिजन उसे बचाने के लिए मदद जुटाने लगे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस और सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपित महिला की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

